•आबादी के हिसाब से राजनीतिक हिस्सेदारी की मांग, पांच टिकट देने वाले दल के पक्ष में एकजुट मतदान का ऐलान।
के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। जनपद मुख्यालय स्थित एक होटल में रविवार को सैंथवार-मल्ल महासभा की जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, समाज की एकजुटता और आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैंथवार ने की, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकेश्वर सिंह ने की और संचालन धूप सिंह सैथवार ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैंथवार ने कहा कि समाज के लोगों को एकजुटता का संदेश देना होगा, जिससे संगठन आने वाले समय में एक मजबूत संगठन के रूप में स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की कई ऐसी सीटें हैं, जहां सैंथवार-मल्ल समाज की भागीदारी के बिना चुनाव जीतना मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद समाज के लोगों को अपेक्षित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि समाज चुनाव जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है तो चुनाव हराने की ताकत भी रखता है। गंगा सिंह सैंथवार ने कहा कि 2027 के चुनाव में यदि भारतीय जनता पार्टी ने समाज के पांच लोगों को विधायक बनाने के लिए टिकट नहीं दिया तो जरूरत पड़ने पर वह स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती के लिए वह अपने या परिवार के किसी सदस्य को राजनीति में नहीं लाना चाहते और न ही किसी प्रकार का चुनाव लड़ना चाहते हैं। उनके लिए संगठन की मजबूती सर्वोपरि है।
बैठक में राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर महासभा ने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी चुनाव में जो भी राजनीतिक दल सैंथवार-मल्ल समाज को कम से कम पांच या उससे अधिक टिकट देगा, पूरा समाज एकजुट होकर उसी पार्टी के पक्ष में मतदान करेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि समाज अब केवल वोट बैंक बनकर नहीं रहेगा, बल्कि अपनी आबादी के हिसाब से अपनी वाजिब राजनीतिक हिस्सेदारी हासिल करेगा।
महासभा के संरक्षक शमशेर सिंह इंजीनियर ने कहा कि पूर्वांचल में भाजपा समाज के समर्थन से मजबूत है, लेकिन पार्टी की ओर से समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा है। अब समाज अपनी अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा।
जिला अध्यक्ष पीयूष सिंह सैथवार ने कहा कि महासभा को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है। संगठन की मजबूती के जरिए समाज को एकजुट कर आगामी चुनाव में सही राजनीतिक निर्णय लेने की दिशा में काम किया जाएगा।
संगठन में विभिन्न पदों पर जिम्मेदारी
संगठन को अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला अध्यक्ष के अनुरोध और राष्ट्रीय अध्यक्ष की संस्तुति के आधार पर जिले में विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई।
हरिशंकर सिंह को जिला संरक्षक बनाया गया। राम प्रकाश सिंह, सत्यपाल सिंह, विवेक सिंह, विनायक सिंह, रोहित सिंह, मनोज सिंह, चंद्रभान सिंह और श्याम नारायण सिंह को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। संतोष सिंह को भी जिला उपाध्यक्ष बनाया गया।
राजेश्वर सिंह उर्फ राजू प्रधान को जिला महामंत्री बनाया गया। राणा सिंह, शिव कुमार सिंह, सतीश सिंह, राम शरण सिंह, विनोद सिंह, लल्लन सिंह, शीतल मल्ल, भीम सिंह, विवेक सिंह और राहुल सिंह को जिला मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में योगेंद्र सिंह, विजय बहादुर सिंह, विनायक सिंह, संतलाल सिंह, शीतल मल्ल, जनार्दन सिंह, भोला सिंह, राजेश्वर सिंह उर्फ राजू, संगीता सिंह, ज्योति सिंह, हरविंदर सिंह फौजी और विनोद सिंह सहित समाज के कई प्रमुख एवं सम्मानित प्रतिनिधि मौजूद रहे।





