प्रयागराज। न्याय व्यवस्था को आमजन तक पहुंचाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। अधिवक्ता समाज के विचारों और जनमत को दिशा देने के साथ ही जनविश्वास के प्रतीक भी माने जाते हैं। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, इलाहाबाद की कार्यकारिणी 2025-26 द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में कही।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में शामिल होकर अधिवक्ता बंधुओं को संबोधित किया। इस अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय को केवल न्यायालयों तक सीमित रखने के बजाय उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अधिवक्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिवक्ता न्यायिक व्यवस्था और आम नागरिक के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। उनके माध्यम से लोगों को अपने अधिकारों और न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी मिलती है।
कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिवक्ता समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरुण भंसाली का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में न्यायपालिका और अधिवक्ता समुदाय के बीच बेहतर समन्वय तथा न्याय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी 2025-26 और समस्त अधिवक्ता बंधुओं की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


