बस्ती। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने जनपद के समस्त पात्र नागरिकों से अपील की है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के अंतर्गत आयोजित विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाकर निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज कराएं तथा नाम, पता आदि में त्रुटि होने पर आवश्यक संशोधन कराएं।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। आलेख्य निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को जनपद के समस्त मतदान स्थलों पर किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम आलेख्य निर्वाचक नामावली में नहीं है, तो वह फार्म-6 भरकर बूथ लेवल अधिकारी (BLO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा कर सकता है। निर्वाचक नामावली में किसी प्रविष्टि में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन अथवा निवास परिवर्तन के लिए फार्म-8 तथा नाम अपमार्जन के लिए फार्म-7 का उपयोग किया जा सकता है।
*उन्होंने बताया कि 28 नवंबर (शनिवार) एवं 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।* इन दोनों दिनों जनपद के सभी मतदान स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहेंगे तथा मतदाता पंजीकरण एवं संशोधन से संबंधित फार्म पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
जिलाधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित आवश्यक अभिलेखों के साथ फार्म-6 भरकर जमा करें और पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
उन्होंने बताया कि निर्वाचक नामावली से संबंधित जानकारी अथवा सहायता के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय के फोन नंबर 05542-246810, मोबाइल नंबर 9454418055 अथवा टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

