•जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को दिए निर्देश, साफ-सफाई, निर्बाध बिजली, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाईदूज (यम द्वितीया), गोपाष्टमी, अक्षय नवमी एवं देव प्रबोधनी एकादशी सहित आगामी प्रमुख पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्वों के दौरान साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, नगर निकायों एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों एवं नालियों की सफाई कराने के साथ ही प्रमुख स्थानों पर पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। नगर निगम एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए।
शांति समितियों की बैठक और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने, त्योहार रजिस्टर का अवलोकन करने तथा पूर्व में सामने आई समस्याओं का प्रभावी ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और सुरक्षा व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले शरारती तत्वों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी संबंधित अधिकारियों को अपने क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा।
निर्बाध बिजली और रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करें
विद्युत विभाग के अधिकारियों को पर्वों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने खुले ट्रांसफॉर्मरों के चारों ओर बैरिकेडिंग कराने, खुले एवं लटकते बिजली के तारों को दुरुस्त करने तथा विद्युत पोल की रैपिंग सुनिश्चित करने को कहा। नगर निगम एवं मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को सभी स्ट्रीट लाइटों को क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभाने के लिए पंचायत विभाग के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए, ताकि पर्वों के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर स्वास्थ्य टीमों और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग को आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों पर दमकल वाहनों की तैनाती करने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग करने और दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। वहीं, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को आवारा पशुओं को पकड़ने तथा निराश्रित गोवंश को गोशालाओं में पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
यातायात प्रबंधन और रूट डायवर्जन का होगा प्रचार-प्रसार
जिलाधिकारी ने एसपी यातायात को पर्वों के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने रूट डायवर्जन से संबंधित सूचनाओं का विभिन्न मीडिया माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की आवश्यकतानुसार तैनाती करने के संबंध में भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और पर्वों के दौरान आमजन की सुविधा, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे नंद प्रकाश मौर्य, एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह, एसपी यातायात राजेश कुमार तिवारी, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों एवं समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


