जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने जारी किया आदेश, शासन के निर्णय के क्रम में अवकाश घोषित
मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन के निर्णय के क्रम में जनपद मथुरा में 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को महानवमी के पावन अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने 17 अक्टूबर 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा 16 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के क्रम में वर्ष 2026 के लिए घोषित सार्वजनिक अवकाशों की सूची में संशोधन किया गया है। पूर्व निर्धारित अवकाश सूची के अनुसार 20 अक्टूबर 2026 को महानवमी एवं विजयदशमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित था। शासन द्वारा लिए गए निर्णय के तहत अब 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को भी महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने शासन के निर्णय के अनुपालन में जनपद मथुरा के लिए महानवमी के अवसर पर 19 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शासन की पूर्व विज्ञप्ति को उक्त निर्णय के अनुसार संशोधित माना जाएगा, जबकि उसके शेष प्रावधान यथावत रहेंगे।
इस आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक, स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी मथुरा, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा निदेशक (बेसिक), मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी गई है।


