लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने रविवार को लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।
पदभार हस्तांतरण कार्यक्रम में राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद इमरान मसूद, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद, कोषाध्यक्ष शिव पांडे तथा अधिवक्ता चंद्र प्रकाश सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
नेताओं ने नई प्रदेश अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई।पदभार ग्रहण करने के बाद आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वह पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ काम करेंगी। उन्होंने पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रदेश के जन-जन तक पहुंचाने तथा कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।
नए कार्यकाल की प्राथमिकताओं में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना, कार्यकर्ताओं को सम्मान और उचित भागीदारी देना तथा जिला और ब्लॉक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना शामिल है। कांग्रेस नेतृत्व का लक्ष्य संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने का है।


