•आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. तनुषा टीआर की अगुवाई में हुआ आयोजन, 250 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा; उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चे हुए पुरस्कृत।
रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। दीपावली के उल्लास को रचनात्मकता और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ साझा करने के उद्देश्य से गुरुवार को आकांक्षा समिति सिद्धार्थनगर के तत्वावधान में सदर ब्लॉक के कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल तेतरी बाजार में दीपावली उत्सव का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी की धर्मपत्नी एवं आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. तनुषा टीआर की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल तेतरी बाजार के साथ मॉडर्न प्राइमरी स्कूल थरौली के बच्चे भी शामिल हुए।

उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुलजार रहा। विद्यार्थियों ने दीप सज्जा और रंगोली बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं नृत्य और गायन की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। बच्चों ने आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड बनाकर अपनी कल्पनाशीलता दिखाई तो काव्य पाठ के माध्यम से अभिव्यक्ति क्षमता का परिचय दिया।
आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. तनुषा टीआर ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना और उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इन बच्चों को मिला पुरस्कार
कंपोजिट जूनियर हाईस्कूल तेतरी बाजार के बच्चों में नृत्य प्रतियोगिता में आरोही, आरुषि, नीरू, बेबी वर्मा और चांदनी ने बेहतर प्रदर्शन किया। कार्ड मेकिंग में काजल निषाद और आदित्य राज तथा रंगोली प्रतियोगिता में सौम्या, खुशबू और स्वरा पुरस्कृत हुईं।
वहीं प्राथमिक विद्यालय थरौली के बच्चों में नृत्य प्रतियोगिता में अनोखी, कार्ड मेकिंग में अनिकेत तथा गायन प्रतियोगिता में मुसर्रत, आशिया, सानिया और गुड्डी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में एडीएम न्यायिक की पत्नी अलका पांडेय, एसडीएम नौगढ़ की पत्नी आंशू धनखड़, एसडीएम शोहरतगढ़ की पत्नी प्रिया गुप्ता, बीएसए की पत्नी प्रियंका सिंह, सुरैय्या खातून, सलोनी उपाध्याय, जिला समन्वयक सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव और अमित शुक्ला मौजूद रहे।
इसके अलावा शिक्षक सुरेंद्र गुप्ता, प्रतिभा त्रिपाठी, सुभाष पांडेय, हरिमोहन सिंह, गौरव शुक्ला, मनोज पांडेय, नेहा श्रीवास्तव, विमला, किरन, वंदना, मृदुला, अजय शुक्ला, वाचस्पति चतुर्वेदी, पवन मिश्रा, अभय पाठक, कृष्ण कुमार और पूनम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन से विद्यार्थियों में त्योहार के प्रति उत्साह बढ़ने के साथ ही कला, संस्कृति, रचनात्मकता और आपसी सहभागिता की भावना को भी प्रोत्साहन मिला।


