एसएसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई का किया अनुरोध, विभागीय जांच के लिए पहले ही हो चुका है निलंबन
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप में सहायक अध्यापक मनोज कुमार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है। बीएसए रतन कीर्ति ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर शिक्षक और जांच में सामने आने वाले अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
बीएसए की ओर से 31 अक्तूबर को भेजे गए पत्र के अनुसार, प्राथमिक विद्यालय नगला आंघू, विकासखंड गोवर्धन में तैनात सहायक अध्यापक मनोज कुमार नौ अक्तूबर को बिना पूर्व स्वीकृत अवकाश या सक्षम अधिकारी की अनुमति के कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने बीएसए के कक्ष में कर्मचारियों के सामने अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया और ऊंचे स्वर में बात करते हुए धमकीपूर्ण व्यवहार किया।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिक्षक ने बीएसए को शराब का सेवन कर देख लेने, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पद से हटवाने तथा अज्ञात या कथित फर्जी मोबाइल नंबरों से संपर्क कर दबाव बनाने की धमकी दी। बीएसए ने इसे एक महिला अधिकारी को शासकीय दायित्वों के निर्वहन से रोकने और प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावित करने का प्रयास बताया है।
इस मामले में बीएसए कार्यालय की ओर से नौ अक्तूबर को ही शिक्षक को निलंबित कर विभागीय जांच के लिए समिति गठित की जा चुकी है। अब पुलिस से अलग से आपराधिक पहलुओं की जांच कराने की मांग की गई है।
बीएसए ने एसएसपी से संबंधित मोबाइल नंबरों के धारक और उपयोगकर्ता की पहचान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने के साथ कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी अनुरोध किया है।


