•अध्यक्ष पद पर छह नाम चर्चा में, महामंत्री के लिए भी बढ़ी दावेदारों की फेहरिस्त
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच सरगर्मी तेज हो गई है। अध्यक्ष और महामंत्री समेत प्रमुख पदों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे दावेदारों ने अधिवक्ताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। फिलहाल अध्यक्ष पद के लिए पूर्व अध्यक्ष सुनील दुबे, पूर्व अध्यक्ष संजीव कुमार चतुर्वेदी, पूर्व महामंत्री कुलदीप दुबे, पूर्व महामंत्री मानसिंह पाल के अलावा बृजेंद्र सिंह यादव और शिवकुमार अरुण के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं।
महामंत्री पद के लिए देवेंद्र कुमार दीक्षित ‘सोनू’, पूर्व महामंत्री अरुण कुमार त्रिवेदी, सुधीर कुमार गौतम, अतेंद्र पांडेय ‘विमल’, दिनेश सिंह चौहान, शिवेंद्र सिंह सेंगर और हेमेंद्र पांडेय दावेदारी को लेकर सक्रिय बताए जा रहे हैं।
उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों पर भी हलचल
अध्यक्ष और महामंत्री जैसे प्रमुख पदों के अलावा संयुक्त मंत्री, उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए भी संभावित प्रत्याशियों ने संपर्क अभियान शुरू कर दिया है। दावेदार अधिवक्ताओं के बीच पहुंचकर समर्थन जुटाने में लगे हैं। कोई अपने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियां और अधिवक्ता हित में किए गए कार्य गिना रहा है तो कोई भविष्य की योजनाएं सामने रखकर समर्थन मांग रहा है।
30 सितंबर तक सदस्यता, फिर तय होगी तस्वीर
फिलहाल बार एसोसिएशन की सदस्यता प्रक्रिया 30 सितंबर तक जारी रहेगी। इसके बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। मतदाता सूची तैयार होने के बाद ही चुनाव प्रक्रिया और मुकाबले की तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो सकेगी। सदस्यता अभियान पूरा होने के साथ ही बार चुनाव का माहौल और गरमाने के आसार हैं।


