रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। बृजभूमि की पावन धरा पर गिरिराज महाराज की महिमा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गोवर्धनधारी भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट आस्था और विश्वास के साथ महाविद्या चौराहे स्थित श्री गिरिराज जी मंदिर में सामूहिक श्री गिरिराज पूजा महोत्सव समिति एवं श्री गिरिराज महिला मंडल द्वारा 28वां श्री गिरिराज पूजा महोत्सव धूमधाम और श्रद्धाभाव से मनाया गया। महोत्सव में गाय के गोबर से निर्मित 51 फीट के विशाल गिरिराज स्वरूप, 22 फीट ऊंचे भव्य श्रीनाथ जी स्वरूप, तुलसी वन और पर्वत की दिव्य सजावट ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हजारों श्रद्धालुओं ने गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
समिति के संस्थापक राजकुमार खंडेलवाल ने बताया कि गिरिराज महाराज की कृपा और बृजवासियों की अटूट श्रद्धा से यह महोत्सव पिछले 27 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष महोत्सव का 28वां आयोजन है, जो बृज की धार्मिक परंपराओं और गोवर्धनधारी प्रभु के प्रति जनमानस की गहरी आस्था का प्रतीक बना।
महोत्सव का शुभारंभ 9 नवंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। अंगूरी वाटिका, डीग गेट से प्रारंभ हुई शोभायात्रा महाविद्या और गोविंद नगर होते हुए श्री गिरिराज मंदिर पहुंची। नासिक ढोल और बैंड की धुन पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। शोभायात्रा में संत-महात्माओं के सानिध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
10 नवंबर की सुबह 10 बजे श्री गिरिराज महाराज का विधि-विधान से महाभिषेक किया गया। दीपक अग्रवाल एडवोकेट व योगेश सर्राफ ने सपत्नीक महाभिषेक में सहभागिता की। कन्हैयालाल अग्रवाल, दिनेश खंडेलवाल, गिर्राज सक्सेना, पुनीत वार्ष्णेय सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।
शाम चार बजे से गिरिराज महाराज के फूल बंगला, छप्पन भोग और अन्नकूट के दिव्य दर्शन शुरू हुए। अन्नकूट का निर्माण एवं वितरण गणेश मित्र मंडल द्वारा किया गया। भक्तों ने इसे प्रभु के प्रति समर्पण और सामूहिक सेवा का प्रतीक मानते हुए श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।
सायंकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ परमपूज्य द्वाराचार्य राजेंद्र दास जी महाराज, नाभा पीठाधीश्वर सुदीक्षण दास जी महाराज, महामंडलेश्वर राधा प्रसाद जू महाराज, परमपूज्य रसिया बाबा महाराज और भागवत विदुषी कीर्ति किशोरी जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। संतों के आगमन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। आयोजकों ने संत-महात्माओं का शॉल और पटका पहनाकर स्वागत-सत्कार किया।
महोत्सव में समिति के संस्थापक राजकुमार खंडेलवाल, अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ‘स्वीटी सुपारी’, उपाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, शिव कुमार गुप्ता, सुरेंद्र सक्सेना, अमित वार्ष्णेय, महामंत्री अभिषेक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष भारत वर्मा एडवोकेट सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। महिला मंडल की संस्थापक अध्यक्ष संध्या खंडेलवाल के नेतृत्व में पुष्पा पटेल, सुशीला खंडेलवाल, सीता यादव, सरोज, कमलेश, स्नेहलता, नेहा सिंघल, नीतू यादव, अनीता, सुनैना मेहता और सोनी सक्सेना सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की।
रात्रि 12 बजे गिरिराज महाराज की महाआरती के साथ महोत्सव का समापन हुआ। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ गिरिराज महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की। पूरा मंदिर परिसर ‘गिरिराज महाराज की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा। आस्था, सेवा, भक्ति और बृज की सांस्कृतिक परंपरा से सराबोर यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया।


