केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। जिला युवा कल्याण एवं प्रा0वि0द0 अधिकारी डॉ0 सलोनी गर्ग ने बताया है कि जनपद संत कबीर नगर में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD)-2027 के अंतर्गत जनपद स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन (थीम- नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत) दिनांक 27 अक्टूबर, 2026 (मंगलवार) को संत कबीर अकादमी ऑडिटोरियम, मगहर, संतकबीरनगर में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना तथा नशामुक्त युवा एवं विकसित भारत के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। प्रतियोगिताओं का आयोजन 05 विधाओं में किया जायेगा।
प्रतियोगिताओं की विधाओं में लोकनृत्य (समूह) में प्रतिभागी दलों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य के माध्यम से भारतीय लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा। लोकगीत (समूह) में प्रतिभागी दलों द्वारा लोकगीतों के माध्यम से भारतीय लोकपरंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों एवं सामाजिक संदेशों की प्रस्तुति की जाएगी। नुक्कड़ नाटक में प्रतिभागियों द्वारा नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवन तथा नशामुक्त युवा एवं विकसित भारत के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। पेंटिंग में प्रतिभागी निर्धारित थीम के अनुरूप चित्रकला के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा, मौलिक सोच एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति का प्रदर्शन करेंगे। कविता लेखन में प्रतिभागी निर्धारित थीम के अनुरूप मौलिक कविता लेखन के माध्यम से नशामुक्त युवा एवं विकसित भारत की परिकल्पना को शब्दों में अभिव्यक्त करेंगे।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने हेतु दिनांक 17 अगस्त, 2026 को प्रतिभागी की आयु 15 से 29 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। प्रतिभागी का जनपद संत कबीर नगर का निवासी अथवा जनपद में अध्ययनरत होना अनिवार्य है। सभी पात्र प्रतिभागियों के लिए MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। इच्छुक युवा प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने से पूर्व पोर्टल पर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रत्येक प्रतिभागी केवल एक विधा में प्रतिभाग कर सकता है। पूर्व वर्ष में सांस्कृतिक ट्रैक की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके युवा इस वर्ष पात्र नहीं होंगे।
जनपद स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को मंडल एवं राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। चयन के उपरांत 10 से 12 जनवरी, 2027 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा उत्सव में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रतिभाग करने का अवसर भी प्राप्त होगा।
उन्होंने समस्त पात्र युवाओं, विद्यार्थियों, विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा युवक / महिला मंगल दलों से अपील किया है कि वे कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और अधिकाधिक पात्र युवाओं को MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने हेतु प्रेरित करें, जिससे युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे सकें।


