•गोविंदनगर पुलिस की छापेमारी में 313 ग्राम अल्प्राजोलम, 27 ग्राम स्मैक और 1.28 लाख रुपये नकद मिले, एक महिला गिरफ्तार, तीन वांछित
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोविंदनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राधेश्याम कॉलोनी स्थित एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और नकदी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य आरोपी वांछित हैं।
पुलिस के अनुसार, राधेश्याम कॉलोनी के एक मकान में नशीले पदार्थों की बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 313 ग्राम अवैध नशीला पदार्थ अल्प्राजोलम, 27 ग्राम स्मैक (सफेद पाउडर) और 1,28,170 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने कुल बरामदगी की कीमत 9,28,170 रुपये बताई है।
मामले में पुलिस ने एक महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि जनपद में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिहायशी इलाके में नशीले पदार्थों की बरामदगी ने एक बार फिर युवाओं और नई पीढ़ी को नशे के खतरे से बचाने की चुनौती को उजागर किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


