•जनपद के 295 विद्यालयों में आयोजित हुआ सामूहिक प्रस्तावना पाठ; हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज में लगभग 4000 विद्यार्थियों, न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता।
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर के तत्वावधान में जनपद के विद्यालयों में “एक स्वर, एक संविधान” कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया। इस व्यापक आयोजन के तहत जनपद के कुल 295 विद्यालयों के 37720 विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज, खलीलाबाद के ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां लगभग 4000 विद्यार्थियों, न्यायिक अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता में सामूहिक प्रस्तावना पाठ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मा0 जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रणधीर सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम गजेन्द्र, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) चन्द्र मोहन श्रीवास्तव, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कृष्ण कुमार पंचम, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिव्यानन्द, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक उपेन्द्र कुमार, जिला सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण कुमार ओझा, नोडल अध्यापक चन्द्र प्रकाश त्रिपाठी एवं शिक्षक पुनीत कुमार त्रिपाठी सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक संत मोहन त्रिपाठी द्वारा किया गया।
सामूहिक प्रस्तावना पाठ के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों से परिचित कराया गया तथा मौलिक कर्तव्यों के पालन, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका के महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संविधान के मूल सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही, जनपद के विभिन्न विद्यालयों में संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए संविधान के प्रति अपनी समझ एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यह आयोजन उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित “संविधान संवाद” अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके अंतर्गत विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान, मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों तथा विधिक सहायता व्यवस्था के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में संविधान विषयक क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
इस प्रकार जनपद के 295 विद्यालयों में 37720 विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ आयोजित सामूहिक प्रस्तावना पाठ कार्यक्रम ने संविधान के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक भावना एवं संवैधानिक मूल्यों को विद्यार्थियों के बीच प्रसारित करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया


