रिपोर्ट : विजय नागपाल।
- बीएसए रतन कीर्ति ने जारी किया संशोधित आदेश
- जनगणना और निर्वाचन सहित अन्य शासकीय कार्य रहेंगे जारी
मथुरा। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) के आयोजन को देखते हुए 30 अक्टूबर, शुक्रवार को जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने संशोधित आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, 30 अक्टूबर को जनपद के 33 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में पीईटी परीक्षा आयोजित होगी। इसके दृष्टिगत विद्यालयों में सामान्य शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा और विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा। हालांकि, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को निर्धारित समय पर अपने संबंधित विद्यालयों में उपस्थित रहना होगा। उन्हें विभागीय एवं प्रशासनिक कार्यों का संपादन करना होगा।
बीएसए ने स्पष्ट किया है कि जनगणना, निर्वाचन एवं अन्य महत्वपूर्ण शासकीय कार्य पूर्व की भांति यथावत संचालित रहेंगे। इन कार्यों के लिए निर्धारित जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संशोधित आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


