•पानी पहुंचाने वाली ‘डीएम दीदी’ से मिलकर छलके आंसू
•चुनाव लड़ने का किया ऐलान, नई पार्टी ‘जननीति भारत’ बनाया मीरजापुर सदर से ठोकेंगी ताल
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
लहुरियादह, मीरजापुर। मीरजापुर की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल शुक्रवार को लहुरियादह गांव पहुंचीं तो पूरा गांव उमड़ पड़ा। महिला-पुरुषों, बुजुर्गों और युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
यही लहुरियादह गांव है, जहां जिलाधिकारी रहते हुए दिव्या मित्तल ने पानी की बड़ी समस्या को खत्म कर घर-घर पानी पहुंचाया था, तभी से वह गांव की ‘डीएम दीदी’ के नाम से चर्चा में आई थीं।
स्वागत के दौरान एक भावुक क्षण भी देखने को मिला, जब एक बुजुर्ग महिला अपनी चारपाई पर बैठी मिलीं। दिव्या मित्तल जमीन पर ही उनके पास बैठ गईं और उनका हाथ थामकर हालचाल पूछा।
बुजुर्ग महिला ने भावुक होकर उनके सिर पर हाथ फेरकर आशीर्वाद दिया तो पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी की आंखें नम हो गईं। इस आत्मीय मिलन को देखकर वहां मौजूद हर कोई भावुक हो गया।
इसी गांव में दिव्या मित्तल ने अपना बड़ा सियासी ऐलान भी दोहराया। उन्होंने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ के गठन की घोषणा की है और वह वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव मीरजापुर सदर सीट से लड़ेंगी। उन्होंने गुरुवार को सामाजिक मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कहा था कि उनकी पार्टी नीति निर्माण की प्रक्रिया में आम लोगों को केंद्र में रखेगी।
पानी से लेकर सियासत तक, लहुरियादह से उनका पुराना नाता एक बार फिर चर्चा में है और उनके इस दौरे को चुनावी शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है।


