•वार्डवासियों में खुशी की लहर, आवागमन होगा सुगम।
मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने शुक्रवार को वार्ड भटवा की पोखरी में नवनिर्मित सीसी रोड का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान वार्ड के सभासद, पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
लोकार्पण के अवसर पर अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। भटवा की पोखरी वार्ड के लोगों की लंबे समय से सीसी रोड की मांग थी, जिसे आज पूरा कर दिया गया है। इस रोड के बनने से स्थानीय लोगों को कीचड़ और जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका का लक्ष्य है कि शहर का कोई भी वार्ड विकास से अछूता न रहे। सड़क, नाली, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।
इस अवसर पर वार्डवासियों ने नगर पालिका अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि नई सीसी रोड बनने से अब आने-जाने में काफी सहूलियत होगी।


