नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने बड़े नलकूपों और निर्माण कार्यों का किया उद्घाटन।
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने बीते मंगलवार को नगर के तीन वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इन कार्यों से स्थानीय लोगों को पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
इस क्रम में दक्षिणी शबरी स्थित रामलीला मैदान के सामने बड़े ट्यूबवेल का उद्घाटन किया गया। वहीं, डंगहर वार्ड में स्टेशन के सामने वाली गली में बड़े नलकूप का लोकार्पण कर उसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया। इसके अलावा गोसाई तालाब वार्ड में फतहा पोखरी के पास रिटेनिंग वॉल, मिट्टी पटाव और सीसी निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना उनकी प्राथमिकता है। नागरिकों को बेहतर पेयजल, मजबूत आधारभूत संरचना और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास ही उनका संकल्प है।
इस अवसर पर सभासद राम सिंह यादव, शिवम, सभासद पति शशिधर साहू और शरद, मंडल अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा, मंडल महामंत्री संतोष जायसवाल, शक्तिकेंद्र संयोजक जी लाल, बम जी, एई जलकल दीपक सिंह पटेल, अशोक सोनी, महेंद्र गुप्ता, कविता सिंह राजपूत, राम सिंह, शुभम सोनी, गोलू सोनी, सलीम, रामनाथ और मनीष शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


