मथुरा। कान्हा की नगरी में तमाम सख्ती और जागरूकता के बावजूद वाहन चालक नियमों का पालन करने को राजी नहीं हैं। बार-बार चालान कटने और पेनल्टी लगने का भी डर नहीं है। अब पुलिस प्रशासन ऐसे वाहन चालकों को सबक सिखाने जा रहा है।
64 कैमरों से हो रही है निगरानी
नगर निगम मथुरा-वृंदावन के सिटी जोन, जनरल गंज स्थित *इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर* से लगातार महानगर की सड़कों पर निगरानी की जा रही है।
रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन सिस्टम के अंतर्गत *64 कैमरों* को जोड़ा गया है। करोड़ों रुपये की लागत से स्थापित सिस्टम अब अपना काम कर रहा है। ऑनलाइन चालान काटने की प्रक्रिया ने ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित करने में मदद की है, जो बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने के आदी हैं।
एसपी ट्रैफिक ने क्या बताया?
एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि अब तक 75 हजार वाहनों को, जिनके 5 से अधिक चालान कटे हुए हैं, उनके रजिस्ट्रेशन निरस्त कराने के लिए पत्राचार किया गया है। इन चालानों की पेनल्टी लाखों रुपये में है।
2026 में अब तक 15,000 वाहन रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के लिए संस्तुति भेजे गए हैं। वहीं ऐसे वाहन जिनसे हादसे हो रहे हैं, उनके ऊपर पूर्ण तरह से कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कमर्शियल वाहनों की कार्रवाई की जिम्मेदारी एआरटीओ की होती है। वहीं दूसरी तरफ यातायात माह के दौरान जनता को जागरूक किया जा रहा है कि वह सही तरह से यात्रा करे ताकि दुर्घटनाओं से बच सके।
अब लाइसेंस भी होगा निरस्त
ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुटाए गए डेटा का विश्लेषण करने के बाद प्रशासन ने ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित किया है जो बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करते हैं। जुर्माना और दूसरी प्रक्रिया इनके ऊपर निष्प्रभावी रही है।
अब इनके वाहनों के रजिस्ट्रेशन निरस्त किए जाएंगे। कार्रवाई की प्रक्रिया में जिन वाहनों के रजिस्ट्रेशन निरस्त होंगे, उनके चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की भी प्रक्रिया शुरू होगी।


