रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर ‘सेवा संकल्प’ अभियान के अंतर्गत “सिद्धार्थनगर में पर्यटन: संभावनाएं, चुनौतियां एवं समाधान” विषयक एक महत्वपूर्ण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य तथा विशिष्ट अतिथि एवं अध्यक्ष के रूप में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह उपस्थित रहे। गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी /प्रभारी नोडल पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य डॉ. ज्ञान प्रकाश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत प्रसाद कुमार सहित होटल, पर्यटन और बैंकिंग उद्योग से जुड़े तमाम हितधारकों ने प्रतिभाग कर गहन विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव, जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा मुख्य अतिथि व अन्य विशिष्ट गणमान्य जनों के भव्य स्वागत के साथ हुआ। अपने स्वागत भाषण में सचिव ने जिले की समृद्ध विरासत को रेखांकित किया और पर्यटन के विकास में सभी विभागों के समन्वय की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा संकल्प’ के अंतर्गत आयोजित गोष्ठी में होटल इंडस्ट्री, पर्यटन व्यवसायियों और बैंकिंग क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर आकर सिद्धार्थनगर में पर्यटन को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए विचार-विमर्श किया गया।
पर्यटन दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि”सिद्धार्थनगर की धरती भगवान बुद्ध की पावन स्मृतियों और कपिलवस्तु जैसी ऐतिहासिक विरासत को समेटे हुए है। ओडीओपी उत्पाद ‘कालानमक कुकीज’ और हमारे ऐतिहासिक स्थल मिलकर जिले को वैश्विक पटल पर नई पहचान दिला रहे हैं। बैंकिंग और प्रशासनिक सहयोग से स्थानीय होटल व पर्यटन व्यवसाई अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने में सक्षम बन रहे हैं।
गोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा, “सिद्धार्थनगर में पर्यटन विकास के लिए एक नई और सुरक्षित इकोसिस्टम तैयार की जा रही है। जहां एक ओर बैंकों के माध्यम से होटल और पर्यटन व्यवसायियों को वित्तीय संबल दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा अभेद्य सुरक्षा ढांचा तैयार किया गया है।
“कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश एवं अलका पांडेय द्वारा लिखित पुस्तक “सिद्धार्थनगर: वर्तमान से लेकर अतीत तक” का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। विमोचन के उपरांत लेखिका अलका पांडेय ने अपनी पुस्तक के विषय में एक संक्षिप्त एवं सारगर्भित प्रस्तुतीकरण दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत प्रसाद कुमार ने गोष्ठी में सुरक्षा और पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पर्यटकों की सुरक्षा हेतु पर्यटन स्थलों और होटलों के आसपास पुलिस गश्त को और मजबूत किया गया है।सभी होटल व सराय संचालकों को सीसीटीवी कैमरों को अनिवार्य रूप से सक्रिय रखने और आने वाले आगंतुकों के सटीक पहचान पत्र का कड़ाई से रखरखाव करने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन स्थलों और होटलों को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में अग्निशमन सुरक्षा विभाग द्वारा एक विशेष और प्रभावी प्रस्तुतिकरण दिया गया।
कार्यक्रम में जनपद के ‘एक जिला एक उत्पाद’ के तहत तैयार “बुद्धा डिलाइट कालानमक राइस कुकीज” का स्टॉल सभी के आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।होटल और पर्यटन व्यवसाय को आर्थिक गति देने के लिए एक्सिस बैंक , केनरा बैंक और पंजाब नेशनल बैंक द्वारा विशेष स्टॉल लगाए गए और उनकी वित्तीय व लोन योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस आयोजन और गोष्ठी के दौरान भारी संख्या में स्थानीय व्यवसाई, पर्यटन विभाग के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


