•नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की सहायता के लिए मुस्तैद पुलिसकर्मी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। विंध्याचल में चल रहे शारदीय नवरात्र मेला-2026 के तीसरे दिन मां विंध्यवासिनी, मां कालीखोह और मां अष्टभुजा धाम में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मेले में तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करते हुए उन्हें कतारबद्ध कराकर सुगम दर्शन कराने में जुटे हैं।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में विभिन्न जनपदों, प्रदेशों और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं। विशेष रूप से वृद्ध, असहाय और दिव्यांग श्रद्धालुओं को सहयोग देकर सेवाभाव के साथ दर्शन कराया जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेले में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के साथ सुगम दर्शन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। धाम की सुरक्षा में तैनात अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मी भी श्रद्धालुओं की सहायता कर रही हैं। पुलिसकर्मियों के सहयोग से श्रद्धालु व्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन कर रहे हैं।


