•अखिलेश सरकार के पांच साल में कई चुनावी वादे अधूरे रहे, योगी सरकार ने नौ वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण की योजनाओं को दी रफ्तार
•सपा के पीडीए गठबंधन के सीट बंटवारे पर भी उठाए सवाल, कहा- समाजवाद के नाम पर नवाजवाद की राजनीति कर रही है पार्टी
मथुरा। उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी वादों और विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी की वर्ष 2012 से 2017 तक की सरकार और भारतीय जनता पार्टी की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार के नौ वर्ष के कार्यकाल की चर्चा करते हुए भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने सपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि सरकारों की असली पहचान उनके नारों और घोषणाओं से नहीं, बल्कि जनता के जीवन में आए बदलाव और धरातल पर दिखाई देने वाले विकास कार्यों से होती है।
श्याम शर्मा ने कहा कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए अनेक घोषणाएं की थीं। दसवीं पास विद्यार्थियों को टैबलेट, इंटर पास विद्यार्थियों को लैपटॉप, बेरोजगार युवाओं को भत्ता, किसानों के लिए किसान आयोग, गरीब महिलाओं को दो साड़ी और बुजुर्गों को कंबल देने जैसे वादे किए गए थे। किसानों को भूमि अधिग्रहण पर छह गुना मुआवजा देने तथा भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाने की बात भी कही गई थी।
उन्होंने कहा कि पांच वर्ष के शासनकाल के बाद भी इन घोषणाओं में से कई अपने घोषित स्वरूप में पूरी नहीं हो सकीं। लैपटॉप वितरण योजना जरूर शुरू हुई, लेकिन टैबलेट वितरण का वादा पूरा नहीं हुआ। बेरोजगारी भत्ते की योजना निरंतर जारी नहीं रही और किसान आयोग के गठन सहित कई घोषणाएं अधूरी रह गईं।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने मथुरा जनपद का उल्लेख करते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विश्व प्रसिद्ध मथुरा-वृंदावन तथा संपूर्ण ब्रज क्षेत्र को विकास की विशेष आवश्यकता थी।
सपा सरकार के कार्यकाल में मथुरा को नगर निगम का दर्जा दिलाने, पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय में नए कॉलेज शुरू कराने और शहर की बुनियादी सुविधाओं तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे अपेक्षित प्रगति नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि ब्रजवासियों की विकास संबंधी अनेक अपेक्षाएं उस समय भी बनी हुई थीं।
श्याम शर्मा ने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास की विभिन्न योजनाओं को गति मिली। किसान ऋण मोचन योजना के अंतर्गत लगभग 86 लाख किसानों के 36,359 करोड़ रुपये के कृषि ऋण माफ किए गए। सरकार की मार्च 2026 की उपलब्धियों के अनुसार गन्ना किसानों को 3.16 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने, औद्योगिक निवेश बढ़ाने और प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने की दिशा में कार्य हुए। सरकार के अनुसार नौ वर्षों में नौ लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं। एक्सप्रेसवे, हवाई अड्डों, मेट्रो रेल और सड़क नेटवर्क के विस्तार ने प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई दिशा दी है।
श्याम शर्मा ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता दी गई। स्वयं सहायता समूहों से महिलाओं को जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के प्रयास हुए। आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सरकारी विद्यालयों के कायाकल्प और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार के माध्यम से स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी सुविधाओं का विस्तार किया गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ब्रज क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ाने पर भी ध्यान दिया गया। मथुरा-वृंदावन, गोवर्धन और बरसाना जैसे तीर्थस्थलों पर पर्यटन सुविधाओं के विकास के प्रयास हुए। गोवर्धन में केंद्र सरकार की प्रसाद योजना के अंतर्गत 37.59 करोड़ रुपये की पर्यटन विकास परियोजना पूरी की गई। इससे ब्रज में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं के विस्तार को प्रोत्साहन मिला।
सपा पर निशाना साधते हुए श्याम शर्मा ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पीडीए गठबंधन के सीट बंटवारे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अपनी पांच घोषित सीटों में चार सीटें मुस्लिम प्रत्याशियों एवं एक हिंदू को दी हैं।
उन्होंने हिंदू समाज के अन्य वर्गों के प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और समान भागीदारी की बात करने वाले राजनीतिक दलों को अपने निर्णयों में भी पारदर्शिता रखनी चाहिए।
वहीं अपने बयान के अंत में भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी अपने नाम में समाजवाद जरूर लगाती है, लेकिन उसकी राजनीतिक कार्यशैली में समाजवाद की वास्तविक भावना दिखाई नहीं देती। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी समाजवाद नहीं, बल्कि नवाजवाद की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी निर्णायक होती है। जनता राजनीतिक दलों का मूल्यांकन उनके चुनावी नारों से नहीं, बल्कि उनके कार्यकाल, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और चुनावी वादों की पूर्ति से करती है। जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि किस सरकार ने क्या वादे किए और उन वादों को धरातल पर उतारने के लिए कितना काम किया।


