•करणी सेना के बैनर तले निकली रैली में शामिल हुए सैकड़ों कार्यकर्ता, समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष का आह्वान।
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन 11 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना की जिला इकाई के तत्वावधान में पहाड़ी ब्लॉक के रामनगर सिकरी गांव में विशाल सनातन धर्म चेतना यात्रा निकाली गई। आदर्श रामलीला समिति से शुरू हुई यात्रा की अध्यक्षता पहाड़ी ब्लॉक अध्यक्ष शिवम सिंह ने की। रैली में सैकड़ों कार्यकर्ता भगवा पगड़ी और ‘जय श्रीराम’ लिखे पट्टे धारण कर शामिल हुए। डीजे के साथ जयकारे लगाते हुए कार्यकर्ता गांव की गलियों से गुजरे।
यात्रा के दौरान पहाड़ी ब्लॉक अध्यक्ष शिवम सिंह ने राजपूत समाज से एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को अपनी एकता और स्वाभिमान बनाए रखने के लिए संगठित होना होगा। महाराणा प्रताप और मां करणी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को शिक्षा, रोजगार और समाज में सम्मान दिलाने के साथ लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद दूर कर एकजुट होकर आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह गहरवार मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि शिवम सिंह के नेतृत्व में पहाड़ी ब्लॉक में संगठनात्मक गतिविधियां आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने यात्रा को समाज के स्वाभिमान और एकता से जोड़ते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर इंस्पेक्टर सिंह, अमित सिंह, युवराज सिंह, अतुल सिंह, अर्पित सिंह, सारस्वत सिंह, अभय सिंह उर्फ मनदीप, मयंक सिंह, हिमांशु, आयुष सिंह, सुमेश ठाकुर, मयंक ठाकुर, दिनेश सिंह, रवि सिंह, ब्रजराज सिंह, अभि सिंह, राजन सिंह, निशांत सिंह, शुभम सिंह सहित करणी सेना के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।


