•एडीजी वाराणसी जोन ने डीएम और एसपी के साथ विंध्याचल मंदिर क्षेत्र का किया निरीक्षण।
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मिर्जापुर। शारदीय नवरात्र मेला-2026 के पहले दिन अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा ने विंध्याचल मंदिर क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन-पूजन, यातायात और पार्किंग व्यवस्था, रूट डायवर्जन, बैरियर लगाने तथा पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई। एडीजी ने अधिकारियों को मेला क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि दर्शन के बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि भीड़ प्रबंधन में किसी प्रकार की समस्या न हो। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


