केके मिश्रा, संवाददाता।
संतकबीरनगर। शासन के निर्देश पर चल रहे सोशल ऑडिट अभियान के तहत विकासखंड बेलहर की ग्राम पंचायत मठिया पार में सोशल ऑडिट टीम ने व्यापक जांच की। सोशल ऑडिट टीम के बीआरपी संतोष पांडे ने प्रधान द्वारा विगत वित्तीय वर्ष में कराए गए समस्त विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया।
खेत से खलिहान तक देखा काम –
टीम ने मनरेगा, पंचायत निधि, 15वें वित्त आयोग और स्वच्छ भारत मिशन के तहत कराए गए कार्यों की पड़ताल की। नाली, खड़ंजा, पंचायत भवन की मरम्मत, हैंडपंप रिबोर, स्कूल की बाउंड्री और आवास योजना के लाभार्थियों के घरों का मौके पर जाकर सत्यापन किया गया। माप पुस्तिका और भुगतान से मिलान किया गया।
पंचायत भवन के प्रांगण में खुली बैठक, बही-खातों की जांच –
स्थलीय सत्यापन के बाद ग्राम पंचायत भवन पर ग्रामीणों की खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीआरपी देवेन्द्र तिवारी ने एक-एक योजना को बिंदुवार पढ़कर सुनाया और ग्रामीणों से फीडबैक लिया। इस दौरान जॉब कार्ड, मस्टर रोल, कार्य योजना रजिस्टर, आय-व्यय पंजिका, स्टॉक रजिस्टर सहित ग्राम पंचायत से संबंधित सभी अभिलेख मौके पर मौजूद पाए गए, जिससे ऑडिट टीम ने सन्तोष जताया।
बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि कराए गए कार्य गुणवत्ता परक हैं और समय से पूरे हुए हैं। कई ग्रामीणों ने खुले मन से प्रधान के कार्यों की सराहना भी की।
-इस अवसर पर रोजगार सेवक, ग्राम प्रधान , तकनीकी सहायक ग्राम पंचायत अधिकारी समेत ग्राम पंचायत सदस्यगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, आशा बहू सहित माधोपुर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सोशल ऑडिट को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।
सोशल ऑडिट का उद्देश्य पंचायत स्तर पर पारदर्शिता लाना और सरकारी धन के सही उपयोग को सुनिश्चित करना है। मठियापार में हुई यह खुली बैठक इसी दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखी जा रही है।


