•महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना देने और युवाओं को 25 लाख नौकरियां देने के वादे पर उठाए सवाल
रिपोर्ट विजय नागपाल।
मथुरा। समाजवादी पार्टी की ओर से जारी जन-मन घोषणापत्र 2027 और सत्ताईस का संकल्प PDA का प्रणपत्र पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा महानगर मथुरा के मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने कहा कि सपा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए नए-नए वादे कर रही है,जबकि उसे पहले वर्ष 2012 से 2017 तक प्रदेश की सत्ता में रहते हुए किए गए वादों का हिसाब देना चाहिए।
श्याम शर्मा ने कहा कि सपा के नए घोषणा पत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां और बेरोजगार स्नातकों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह देने का वादा किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन घोषणाओं को पूरा करने के लिए बजट की व्यवस्था कैसे होगी और इनके क्रियान्वयन की क्या योजना है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार ने अपने कार्यकाल में विद्यार्थियों को लैपटॉप और टैबलेट देने, बेरोजगारों को भत्ता तथा कन्या विद्या धन जैसी योजनाओं के वादे किए थे। लैपटॉप वितरण योजना लागू हुई, लेकिन टैबलेट वितरण का वादा पूरा नहीं हो सका। बेरोजगारी भत्ता भी शुरुआती वर्षों के बाद बंद हो गया। ऐसे में सपा को अपने पुराने वादों की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने कहा कि चुनाव के समय बड़ी-बड़ी घोषणाएं करना आसान है, लेकिन जनता को यह भी जानने का अधिकार है कि सत्ता में रहते हुए कितने वादे पूरे किए गए। वर्ष 2017 के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था,आधारभूत ढांचे, एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, औद्योगिक निवेश, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनावी घोषणापत्र जनता के प्रति राजनीतिक दलों की जवाबदेही का दस्तावेज होता है। जनता अब केवल वादे नहीं, बल्कि उनके पूरा होने का हिसाब भी मांगती है। सपा को नए वादों से पहले अपने पिछले शासनकाल का लेखा-जोखा सार्वजनिक करना चाहिए।


