जैत। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं एवं गांव जैत की सरदारी द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के सभापति ठाकुर ओमप्रकाश सिंह का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उनका माल्यार्पण एवं साफा बांधकर अभिनंदन किया। ठाकुर ओमप्रकाश सिंह के सार्वजनिक एवं सामाजिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से हुई। संघ से मिले राष्ट्रसेवा, अनुशासन, सामाजिक समरसता और संगठन के संस्कारों को उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन का आधार बनाया। संघ के स्वयंसेवक के रूप में समाज के बीच कार्य करते हुए उन्होंने जनसेवा की जो यात्रा प्रारंभ की, वह निरंतर आगे बढ़ती रही।
स्वागत के दौरान पूर्व विधायक श्याम सिंह अहेरिया ने कहा कि ठाकुर ओमप्रकाश सिंह ने जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए अपनी पहचान बनाई है। गांव, किसान, युवा और आमजन से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता लगातार बनी रही है। प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के सभापति के रूप में मिली जिम्मेदारी को भी क्षेत्र के लोगों ने उनके लंबे सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों का सम्मान बताया।
इस अवसर पर ठाकुर ओमप्रकाश सिंह ने आरएसएस कार्यकर्ताओं एवं गांव की सरदारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से मिले संस्कार और राष्ट्र एवं समाज की सेवा की प्रेरणा मेरे सार्वजनिक जीवन की आधारशिला हैं। गांव की सरदारी और क्षेत्र की जनता का यह स्नेह मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ और अधिक जिम्मेदारी से जनसेवा करने की प्रेरणा है।” उन्होंने कहा कि वे संगठन द्वारा दिए गए संस्कारों और जनता के विश्वास को साथ लेकर जनहित एवं क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा नेता ठाकुर खजान सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि ठाकुर उमेश प्रताप सिंह, पंडित नारायण इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मांधाता गौतम, जन्मेजय गौतम, रितेश गौतम, अमित धनगर, लाखन ठाकुर, प्रमोद ठाकुर, शिवम् ठाकुर, आशीष चतुर्वेदी, उमेश कश्यप, गौरव गर्ग, अरविन्द ठाकुर, अनिल ठाकुर आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रितेश गौतम ने किया।


