•भोग-प्रसाद की व्यवस्था, मंदिर परिसर की सफाई, विद्युत सुरक्षा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता समेत 16 एजेंडों पर हुई चर्चा
मथुरा। ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी, वृंदावन की 20वीं बैठक लक्ष्मण शहीद स्मारक भवन, वृंदावन के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने की। इसमें मंदिर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, भोग-प्रसाद की गुणवत्ता और सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में मंदिर में भोग-प्रसाद तैयार करने के लिए हलवाइयों की नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी करने तथा उनके मानदेय निर्धारण की प्रक्रिया पर चर्चा हुई। इसके साथ ही मंदिर के आसपास की गलियों में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और नालियों पर लगे क्षतिग्रस्त पत्थरों एवं आरसीसी ढक्कनों को बदलने का विषय भी एजेंडे में शामिल रहा।
मंदिर एवं उसके आसपास विद्युत वितरण विभाग द्वारा सघन निरीक्षण कर असुरक्षित बिजली के तारों को दुरुस्त कराने पर विचार किया गया। वहीं, मंदिर में केंद्रीय वातानुकूलन व्यवस्था स्थापित करने के संबंध में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, आगरा मंडल की 22 सितंबर 2026 की रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई।
मंदिर की व्यवस्थाओं और संपत्तियों से जुड़े मुद्दों पर मंथन
बैठक में स्वर्ण-रजत हिंडोला, रथ, पुष्पों की शेष शैया, रजत शेष सिंहासन, स्वर्ण एवं रजत नौका, हाथी सूंड सिंहासन, सूर्यप्रभा और चंद्रप्रभा सिंहासन सहित विभिन्न धार्मिक वस्तुओं के संबंध में गठित समिति की जांच आख्या की प्रगति की समीक्षा का विषय रखा गया।
इसके अलावा, कमेटी के गठन से अब तक बैंकों द्वारा सीएसआर मद में कराए गए कार्यों की सूची एवं लागत सहित विवरण, भारतीय स्टेट बैंक द्वारा प्रस्तुत एमओयू तथा गोस्वामी सदस्यों के पूर्व में दिए गए आवेदन के शेष बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
मंदिर की गोलक खोले जाने की प्रगति और सेवायतों को भुगतान के विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहे। मंदिर के नियुक्त चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा सुझाए गए बिंदुओं पर चर्चा के साथ नगर निगम की क्रय उपसमिति में अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह के स्थान पर नए सदस्य को नामित करने के विषय पर भी विचार किया गया।
भोग-प्रसाद की गुणवत्ता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर जोर
बैठक में राधेश्याम अग्रवाल (पेड़े वाले) की ओर से ठाकुर श्री बांके बिहारी जी महाराज के भोग-प्रसाद के लिए दूध, पनीर और खोया की धनराशि बढ़ाने संबंधी प्रार्थना पत्र पर विचार किया गया। मंदिर के आसपास दुकानों पर बिकने वाले पेड़े एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया गया।
इसके साथ ही मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को भ्रमित कर ठगी करने वाले लपकों पर अंकुश लगाने के संबंध में दैनिक जागरण समाचार पत्र में प्रकाशित खबर पर विचार-विमर्श किया गया। मंदिर परिसर में तुलसी की मालाओं को पैरों से कुचले जाने से रोकने के लिए गोस्वामी सदस्यों से सुझाव लेने का विषय भी एजेंडे में शामिल रहा।
ये रहे उपस्थित
बैठक में अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अशोक कुमार, सदस्य एवं सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुकेश मिश्रा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा विकास कुमार, सिविल जज मथुरा प्रत्यूष आनंद मिश्रा, जिलाधिकारी एवं सदस्य सचिव चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन ओजस्वी राज तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, आगरा की अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिता एस. कुमार उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त राजभोग समूह से शैलेंद्र गोस्वामी एवं रजत गोस्वामी तथा शयनभोग समूह से हिमांशु गोस्वामी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराने तथा भोग-प्रसाद की गुणवत्ता एवं परिसर की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।


