•कुदरहा ब्लॉक गेट पर सपा युवा नेता ने किया आधुनिक रावण के पुतले का दहन।
कुदरहा। विजयदशमी के पर्व पर जहां देशभर में असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक के रूप में रावण के पुतले का दहन किया जाता है, वहीं कुदरहा में लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सपा युवा नेता सर्वजीत यादव ने राम मंदिर में कथित तौर पर हुई चढ़ावा चोरी की घटना को लेकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। उन्होंने चढ़ावा चोरी की घटना में शामिल बताए जा रहे लोगों को आधुनिक युग का रावण बताते हुए कुदरहा ब्लॉक मुख्यालय के गेट के सामने आधुनिक रावण के पुतले का दहन किया।
इस दौरान सर्वजीत यादव ने कहा कि त्रेतायुग से लेकर आधुनिक युग तक भगवान श्रीराम के विरोधी अलग-अलग रूपों में मौजूद हैं। भगवान राम के मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना आस्था को ठेस पहुंचाने वाली है। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का संदेश देता है। ऐसे में धार्मिक स्थलों पर चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
सपा युवा नेता ने कहा कि रावण का पुतला जलाना केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि बुराइयों के अंत का प्रतीक है। आज के समय में भी समाज में ऐसी बुराइयां मौजूद हैं, जिनके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी करने वाले लोग आधुनिक रावण के समान हैं। इसी संदेश के साथ उन्होंने आधुनिक रावण के पुतले का दहन किया।
विजयदशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि धर्म और आस्था से जुड़े स्थलों की पवित्रता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। साथ ही समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।


