•मथुरा में लाभार्थियों को सब्सिडी के चेक वितरित, 39,073 लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दीपावली एवं होली पर्व पर लाभार्थियों को एक-एक निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की योजना का शुभारंभ किया गया। मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा योजना के तहत निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल की सुविधा का शुभारंभ किए जाने के कार्यक्रम का जनपद स्तर पर सजीव प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर विधायक बलदेव पूरन प्रकाश एवं सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में उज्ज्वला योजना की लाभार्थियों को राज्य सरकार की ओर से गैस सिलेंडर रिफिल के लिए सब्सिडी के चेक वितरित किए गए। इनमें धर्मेन्द्री देवी, केला देवी, वीरन देवी, हेमलता, मीरा, गुड्डी, आरती वर्मा, सुनीता देवी, रामवती, भगवती और मीना सहित अन्य लाभार्थी शामिल रहीं।
कार्यक्रम में बताया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिवर्ष होली और दीपावली के अवसर पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को एक-एक निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए दो माह की निर्धारित अवधि में पात्र लाभार्थियों को प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके लिए लाभार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक होना अनिवार्य है।
जनपद में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के कुल 2,15,900 लाभार्थी हैं। इनमें से 1,76,827 लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक हैं, जबकि 39,073 लाभार्थियों के बैंक खाते अभी आधार से लिंक नहीं हैं। ऐसे लाभार्थियों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपने बैंक खाते को आधार से लिंक करा लें, ताकि योजना का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस संबंध में एलपीजी गैस वितरकों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्हें अपने प्रतिष्ठानों पर योजना से संबंधित फ्लेक्सी बोर्ड लगवाने तथा टेलीफोन, हॉकरों और मोबाइल एसएमएस के माध्यम से लाभार्थियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बैंक खातों को आधार से लिंक कराने के लिए भी प्रेरित करने को कहा गया है।


