•सरकारी आवास दिलाने का झांसा देकर गेस्ट हाउस में ले गया आरोपी, कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोशी की हालत में दुष्कर्म करने का आरोप।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
वृंदावन। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर एक महिला को अपने जाल में फंसाने, उसके साथ दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के आरोपी को वृंदावन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पीड़िता को वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के अनुसार, थाना छाता क्षेत्र निवासी पीड़िता ने वृंदावन थाने में दी गई तहरीर में बताया कि अनिल पुत्र उदयवीर निवासी नगला नेता, थाना जैत ने उसे मोबाइल फोन से लगातार संपर्क कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसका नाम चयनित होने की जानकारी दी। आरोपी ने सरकारी आवास के लिए फॉर्म भरने के नाम पर हस्ताक्षर और आधार कार्ड की आवश्यकता बताई।
आरोप है कि 30 अक्टूबर 2026 को आरोपी ने महिला को छटीकरा चौराहे पर बुलाकर एक खाली प्लॉट दिखाया और वहां सरकारी आवास बनने की बात कही। इसके बाद पांच नवंबर को दोपहर करीब 3:45 बजे उसे प्रेम मंदिर के पास बुलाया। वहां से अधिकारियों के सामने फॉर्म भरवाने का झांसा देकर एक गेस्ट हाउस में ले गया।
पीड़िता का आरोप है कि गेस्ट हाउस के कमरे में आरोपी ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसके बाद वह बेसुध होने लगी। इसी हालत का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बना ली। होश आने पर विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने और किसी को घटना बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
डरी-सहमी पीड़िता ने बाद में हिम्मत जुटाकर पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना इंस्पेक्टर बोबी कुमार शर्मा को सौंपी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया।


