•केसी घाट सहित प्रमुख यमुना घाटों का लिया जायजा, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश; नाविकों को लाइफ जैकेट अनिवार्य करने की हिदायत।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। यम द्वितीया (भैया दूज) एवं अन्य त्योहारों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से वृंदावन के केसी घाट सहित अन्य प्रमुख यमुना घाटों का नौका विहार के माध्यम से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर स्नान के लिए आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को परखा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से यमुना में स्नान कर सकें। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी तथा आवागमन के रास्तों को सुगम बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने नाविकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और नाव में सवार प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट पहनाने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और लगातार निगरानी रखने को कहा। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होने देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने कहा कि यम द्वितीया के पावन पर्व पर जनपद में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा पर्व के दौरान निरंतर भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


