रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोतवाली लोटन पुलिस व जनपदीय एन्टी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने चोरी के मामले में वांछित दो शातिर अभियुक्तों को लोटन कस्बे से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 32 किलोग्राम वायर, जिसमें 02 किलोग्राम कॉपर वायर भी शामिल है, तथा चोरी का माल बेचने से प्राप्त 23,400 रुपये नकद बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अभिषेक महाजन के आदेश पर जनपद में चोरी, लूट व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली लोटन पुलिस सक्रिय थी।
बताया गया कि थाना कोतवाली लोटन पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 धारा 305A, 317(2) भारतीय न्याय संहिता से संबंधित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इस मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों अभियुक्त लोटन कस्बे में चोरी का माल बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष कोतवाली लोटन प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना पुलिस व एन्टी थेफ्ट टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कृष्णराज उर्फ कृष्ण कुमार पुत्र कलाधर, निवासी ग्राम बस्तिया टोला अमहवा, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर तथा सफीक अहमद पुत्र वाजिद अली, निवासी ग्राम खैरहवा, थाना मोहाना, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस टीम ने अभियुक्तों की निशानदेही पर उनके कब्जे से 02 किलोग्राम कॉपर वायर, 30 किलो अन्य वायर व 23,400 रुपये नकद बरामद किया। पुलिस का मानना है कि नकद राशि चोरी का माल बेचने से प्राप्त हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अभियुक्तों ने और कहां-कहां चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है तथा चोरी का माल किसे बेचा जाता था। इस संबंध में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में एन्टी थेफ्ट टीम प्रभारी उप निरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा सहित थाना कोतवाली लोटन पुलिस व एन्टी थेफ्ट टीम के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने सफलता प्राप्त करने वाली टीम की सराहना की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।


