जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, 52,500 रुपये नकद, तमंचा और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद; साथी फरार
चौमुहां। थाना छाता क्षेत्र में पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में दो लाख रुपये से अधिक की लूट का मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, स्वाट, सर्विलांस और छाता पुलिस की संयुक्त टीम राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर संस्कृति यूनिवर्सिटी फ्लाईओवर के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और सर्विस रोड की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मोटरसाइकिल समेत गिर पड़ा। वहीं, उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पुत्र अतर सिंह निवासी ग्राम छायसा, थाना छायसा, जनपद फरीदाबाद (हरियाणा) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने साथी शिवकुमार के साथ मिलकर दो नवंबर 2026 को केडी मेडिकल कॉलेज, छाता के पुल के पास एक व्यक्ति को धक्का देकर गिराने और उससे 2,13,740 रुपये लूटने की वारदात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 52,500 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध देसी तमंचा, एक खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार राहुल शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ मथुरा, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़ और हरियाणा के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी शिवकुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


