•दीपोत्सव पर नगर पंचायत अध्यक्ष ने संविदा व नियमित कर्मचारियों को भेंट किए उपहार और मिठाई, दीं दीपावली की शुभकामनाएं।
चौमुहां। नगर पंचायत चौमुहां में दीपोत्सव के अवसर पर कर्मचारियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सुषमा सिसौदिया ने संविदा एवं नियमित सफाई कर्मियों सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारियों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी को उपहार एवं मिष्ठान भेंट कर त्योहार की खुशियां साझा कीं। उपहार पाकर कर्मचारियों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष सुषमा सिसौदिया ने कहा कि कर्मचारी नगर पंचायत के विकास, स्वच्छता और संपूर्ण व्यवस्था की असली रीढ़ हैं। इनके अथक परिश्रम, समर्पण और सहयोग के बिना स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श नगर की कल्पना साकार नहीं हो सकती। नगर की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने विशेष रूप से सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान भी नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सफाई कर्मी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। उनका यह समर्पण सराहनीय है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के सुख-समृद्धि, खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के सभासदगण, मुख्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


