•गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज भुजैनी में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत हुआ आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवी हुए सम्मानित।
रिपोर्ट: संत कबीर नगर।
संत कबीर नगर। गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज, भुजैनी में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ विषय के अंतर्गत ‘विकसित भारत क्विज प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपने ज्ञान, तार्किक क्षमता और समसामयिक विषयों की समझ का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की वास्तविक ऊर्जा और उसके उज्ज्वल भविष्य के आधार होते हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नवाचार, नेतृत्व क्षमता और ज्ञान से समृद्ध होना होगा। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तार्किक सोच के साथ-साथ राष्ट्रीय चेतना और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंगनाथ तिवारी ने कहा कि अनुशासन, निरंतर सीखने की प्रवृत्ति और सही दिशा में किया गया प्रयास ही युवाओं को एक सशक्त एवं जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता बनाता है। उन्होंने कहा कि संवाद और क्विज जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर मिलता है। इससे उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना भी मजबूत होती है।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वयंसेवियों को महाविद्यालय की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के सहयोगी दुर्गेश कुमार शुक्ला ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ समसामयिक विषयों में बढ़ती रुचि और सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर शुक्ला ने किया।

