पूर्वोत्तर रेलवे में विश्व पर्यावरण दिवस अभियान के तहत चला जागरूकता अभियान।

Spread the love

गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को मुख्यालय एवं विभिन्न मंडलों के प्रमुख स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों और चिकित्सालयों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल रेल परिसर विकसित करना है।

लखनऊ मंडल के गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, मनकापुर, गोंडा, लखनऊ जंक्शन, बादशाहनगर और ऐशबाग स्टेशनों सहित रेलवे कॉलोनियों एवं मंडल चिकित्सालय में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान यात्रियों, वेंडरों और स्टॉल संचालकों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई तथा पर्यावरण-अनुकूल कटलरी के उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।

वाराणसी मंडल के बनारस, वाराणसी सिटी, आजमगढ़, बलिया, भटनी, छपरा, गाजीपुर सिटी, मऊ, प्रयागराज रामबाग और देवरिया सदर समेत कई स्टेशनों पर स्वच्छता एवं कचरा पृथक्करण को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्मों पर यात्रियों को कूड़ेदानों के उपयोग, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। रेल एवं हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।

इज्जतनगर मंडल में लालकुआं, काठगोदाम, रुद्रपुर सिटी, बरेली सिटी, कासगंज, काशीपुर और पीलीभीत सहित कई स्टेशनों पर खानपान इकाइयों में बायोडिग्रेडेबल एवं गैर-प्लास्टिक सामग्री के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। वेंडरों और यात्रियों को प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कागज के कप, लकड़ी के चम्मच, कपड़े के थैले और पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग सामग्री अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

रेल प्रशासन की ओर से उद्घोषणाओं, पोस्टरों और डिजिटल संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया गया। अभियान के दौरान यात्रियों और कर्मचारियों ने स्वच्छ एवं हरित रेल परिसर बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

Author

  • Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *