आमी नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, दोस्तों के सामने हुआ हादसा।

Spread the love

•गहरे पानी में बिगड़ा संतुलन, गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला शव

सहजनवां। सहजनवां थाना क्षेत्र के कसरवल स्थित आमी नदी में रविवार की शाम दर्दनाक हादसा हो गया। अपने तीन दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया एक युवक गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घघसरा बाजार निवासी रविशंकर शुक्ल (30) पुत्र कृष्ण देव शुक्ल रविवार की शाम करीब पांच बजे अपने दोस्तों आकाश, सूरज और अर्जुन के साथ कसरवल के पास आमी नदी में नहाने गया था। चारों दोस्त नदी में नहा रहे थे और मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान रविशंकर तैरते हुए अपने दोस्तों से कुछ आगे निकल गया।

बताया जा रहा है कि नदी में अधिक गहराई होने के कारण अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा। रविशंकर को डूबता देख उसके दोस्तों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव और गहराई अधिक होने के कारण वे सफल नहीं हो सके। देखते ही देखते रविशंकर गहरे पानी में समा गया।

घटना के बाद घबराए दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना मिलते ही सहजनवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। काफी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने रविशंकर को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद पूरे घघसरा बाजार क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

Author

  • Adv Pawan Rastogi

    पवन कुमार रस्तोगी पिछले पाँच वर्षों से अधिक समय से पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में न्यूज़ पोर्टल में एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इन्होंने एम.ए., बीएड, पत्रकारिता तथा एलएलबी की शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर क्षेत्र में एडीसीए तथा कला के क्षेत्र में बॉम्बे आर्ट जैसे पाठ्यक्रम भी पूर्ण किए हैं।
    समाचार लेखन, संपादन, जनसरोकार से जुड़े विषयों और डिजिटल पत्रकारिता में उनकी विशेष रुचि है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और प्रभावशाली पत्रकारिता उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। वे सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षिक एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को सरल, सटीक और विश्वसनीय ढंग से पाठकों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *