बकरीद पर शांति और, सौहार्द बनाए रखने की अपील, डीएम -एसपी ने की पीस कमेटी बैठक।

Spread the love

महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बकरीद सहित आगामी पर्वों के मद्देनजर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुरूप मनाने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग शासन द्वारा निर्धारित नियमों और गाइडलाइंस का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के गैर परंपरागत आयोजन से बचें। उन्होंने आयोजकों को प्रशासन द्वारा तय रूट चार्ट और समय-सारिणी का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व हमारी परंपरा और संस्कृति की पहचान हैं, इसलिए इन्हें मर्यादा और भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए।

उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने की कोशिश न करे। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने मस्जिदों पर मौजूद स्वयंसेवकों को प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी देने और लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी एसडीएम और क्षेत्राधिकारी थाना स्तर पर संयुक्त बैठक कर लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराएं। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर बिजली के खंभों और तारों का सर्वे कर मरम्मत कराने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने, प्रमुख स्थानों पर मेडिकल टीम तैनात करने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने दोनों समुदायों से भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नई परंपराओं की शुरुआत न की जाए तथा सड़कों पर नमाज और खुले में कुर्बानी न हो, इसे सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि सादी वर्दी में पुलिसकर्मी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे और अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

बैठक में दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों ने अपने सुझाव और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं तथा आश्वस्त किया कि बकरीद और अन्य त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएंगे। बैठक का संचालन शमशुल हुदा ने किया।

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *