भीषण गर्मी में स्काउट्स-गाइड्स ने यात्रियों को बांटा शीतल जल, ऐशबाग और मैलानी स्टेशन पर चला ‘निशुल्क प्याऊ’ अभियान।

Spread the love

लखनऊ। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ द्वारा ऐशबाग और मैलानी रेलवे स्टेशनों पर ‘निशुल्क वाटर सर्विस–प्याऊ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस सेवा अभियान के तहत स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों के साथ-साथ ट्रेनों में सफर कर रहे लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया, जिससे यात्रियों को गर्मी से काफी राहत मिली।

यह कार्यक्रम पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के अध्यक्ष गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा जिला आयुक्त गाइड डॉ. रंजना पाटनी के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान यात्रियों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ मानव सेवा का संदेश देना था।

अभियान के दौरान स्काउट्स और गाइड्स के स्वयंसेवकों ने स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों तथा ट्रेनों में सफर कर रहे लोगों को शीतल जल वितरित किया। अचानक बढ़े तापमान और तेज गर्मी के बीच इस पहल को यात्रियों ने राहतकारी बताते हुए सराहना की। कई यात्रियों ने कहा कि इस प्रकार की सेवा यात्रा के दौरान बड़ी राहत प्रदान करती है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह सेवा कार्य केवल पेयजल वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सेवा और मानवता के प्रति भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। संगठन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में युवाओं की सहभागिता बढ़ाना है।

इस अवसर पर ऐशबाग ग्रुप, बादशाहनगर ग्रुप और मैलानी ग्रुप के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर-रेंजर तथा लीडर्स ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा और सेवा भाव के साथ यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध कराया और गर्मी से राहत पहुंचाने के इस अभियान को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *