•प्रथम चरण में मकानों एवं बुनियादी सुविधाओं का हो रहा सर्वेक्षण।
मुरादाबाद। जनगणना की प्रक्रिया का पहला और बेहद महत्वपूर्ण चरण में देश के सभी भवनों, घरों और आवासों की व्यवस्थित सूची बनाई जा रही है। इसके तहत मकानों की संख्या तय करने के साथ-साथ मकानों की गुणवत्ता, वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं जैसे- शौचालय, पेयजल, बिजली और संपत्तियों का डेटा भी इकट्ठा किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य मूल जनसंख्या जनगणना के लिए एक ठोस आधार तैयार करना है, ताकि मुख्य गिनती के दौरान कोई भी परिवार या घर छूट न जाए। बुनियादी इससे सरकार को यह पता चलता है कि देश में कितने पक्के, कच्चे या अर्ध-पक्के मकान हैं। साथ ही, लोगों के पास किन मूलभूत सुविधाओं बिजली, पानी, रसोई गैस, शौचालय की उपलब्धता है, यह स्पष्ट होता है।
मकानों की स्थिति और प्राप्त सुविधाओं के सटीक डेटा के आधार पर ही सरकार आवास योजना जैसे- प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान, और विद्युतीकरण जैसी जन-कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है। मकान गणना के तहत 33 सरल प्रश्न पूछे जा रहे हैं।
ग्राम पंचायत बहेड़ी ब्रह्मनान के अन्तर्गत भीषण गर्मी में प्रगणक अनुराग हर्ष, अनुपम नाथ एवं रश्मि सिंह आदि को डोर-टू-डोर मकान गणना करते हुए देखा जा रहा है। ग्राम प्रधान अल्पना पंकज भारद्वाज ने ग्राम पंचायत के सभी निवासियों से जनगणना में लगे सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों का सम्मान करते हुए सहयोग करने की अपील की है।