रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर. ने बुधवार को विकास खंड बिसवां स्थित प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर के आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएनएसएनडी) सत्र का औचक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम से क्षेत्र की आबादी तथा टीकाकरण संबंधी जानकारी प्राप्त करते हुए संबंधित रजिस्टरों का अवलोकन किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर मशीन सही ढंग से संचालित न किए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने टीकाकरण सत्र के दौरान अनुपस्थित रहने वाली महिलाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि अधिक से अधिक जागरूकता फैलाकर सभी गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी महिला टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
निरीक्षण में वैक्सीनेशन किट खराब मिलने तथा रखरखाव संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित एएनएम के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री से वार्ता कर उपकरणों, सैम एवं मैम रजिस्टरों का निरीक्षण किया तथा पुष्टाहार वितरण और वीएनएसएनडी सत्र की तैयारियों की जानकारी भी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनूप श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।