सहजनवां(गोरखपुर)। तहसील क्षेत्र के दक्षिणांचल में सोमवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो गई। बिजली उपकेंद्र अनन्तपुर हरपुर से महज आधा किलोमीटर दूर स्थित अनन्तपुर चौराहा की बस्ती में पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। लंबे समय तक बिजली बहाल न होने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे घनश्याम चौरसिया ने आरोप लगाया कि विभाग ने क्षेत्र के अन्य स्थानों पर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी है, लेकिन उनकी बस्ती की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के साथ सौतेला और भेदभावपूर्ण व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में करम चंद, शमशुद्दीन मास्टर, श्रवण कुमार, रियाजुद्दीन, मोनू गुप्ता, अच्छेलाल, रहमान, विष्णु आजाद, मेवालाल यादव सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं, मामले में अवर अभियंता विद्युत उपकेंद्र अनन्तपुर हरपुर प्रवीण प्रसाद ने बताया कि तेज आंधी के दौरान कई बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। वर्तमान में नए पोल उपलब्ध न होने के कारण आपूर्ति लाइन को काटकर आसपास के क्षेत्रों में बिजली बहाल की गई है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पोल उपलब्ध होंगे, उन्हें स्थापित कर अनन्तपुर चौराहा बस्ती की विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल कर दी जाएगी। हालांकि उन्होंने कार्य पूरा होने की कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई, लेकिन जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।