सहजनवा। अवैध खनन, ओवरलोडिंग और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सहजनवा तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बीते दिवस तहसील सभागार में पट्टा धारकों और डंपर चालकों के साथ आयोजित बैठक में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) केशरी नंदन तिवारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में दिन के समय खनन कार्य पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। खनन केवल रात्रि 10 बजे के बाद और स्वीकृत स्थलों पर ही किया जा सकेगा।
एसडीएम ने कहा कि स्वीकृत रॉयल्टी क्षेत्र के बाहर खनन पाए जाने पर संबंधित पट्टा धारकों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आगामी बरसात के मौसम में पर्यावरण संरक्षण और दुर्घटनाओं की रोकथाम को देखते हुए खनन गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाई जाएगी।
बैठक में डंपर चालकों के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रशासन ने सभी वाहनों पर मानक के अनुरूप स्पष्ट नंबर प्लेट लगाने तथा चालकों के पास वैध हैवी ड्राइविंग लाइसेंस रखने को अनिवार्य बताया। नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सड़क सुरक्षा को लेकर एसडीएम ने चेतावनी दी कि तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यदि कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित चालक के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा ताकि सड़कों पर मिट्टी गिरने और दुर्घटनाओं की आशंका को रोका जा सके।
एसडीएम ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए नियमों का हर हाल में पालन कराया जाएगा। नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में क्षेत्राधिकारी गीडा योगेंद्र सिंह, नायब तहसीलदार दुर्गेश चौरसिया, थानाध्यक्ष गीडा अश्वनी पांडेय सहित बड़ी संख्या में पट्टा धारक और डंपर चालक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी से सुरक्षित, वैध और जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से कार्य करने की अपील की।