ट्रक की टक्कर से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम।

Spread the love

सिद्धार्थनगर। इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके दो वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव निवासी दिनेश साहनी की पत्नी दुर्गावती (42) अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से ढेबरुआ स्थित अपने मायके जा रही थीं। उनके साथ उनका दो वर्षीय पुत्र पल्लू भी मौजूद था। अभी वे इटवा-डुमरियागंज मार्ग पर राजकीय महाविद्यालय चौखड़ा के सामने पहुंची ही थीं कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे 12 चक्का ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्गावती और उनके दो वर्षीय पुत्र पल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटरसाइकिल चला रहे उनके भाई रिंकू को मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार दिलाया।

हादसे की सूचना मिलते ही इटवा पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को कब्जे में लेकर थाने लाई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए।

इटवा थाने के सब इंस्पेक्टर अनिल ओझा ने बताया कि ट्रक को थाने पर लाकर कब्जे में ले लिया गया है। शवों का पंचनामा भरने की कार्रवाई की जा रही है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *