सिद्धार्थनगर। जनपद में आयोजित बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी एन द्वारा बुद्ध विद्यापीठ पीजी कॉलेज, सिद्धार्थनगर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुरूप परीक्षा में सम्मिलित कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं ईमानदारी से करें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। परीक्षा केंद्र पर सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं तथा परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होती मिली।