सरस्वती कुंड पर टोंटी फैक्ट्री में लाखों की चोरी, ताला तोड़कर चोरों ने दिया अंजाम।

Spread the love

मथुरा। थाना गोविंदनगर क्षेत्र के सरस्वती कुंड स्थित एक टोंटी फैक्ट्री में बीती रात चोरों ने धावा बोलते हुए करीब पांच लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार सरस्वती कुंड क्षेत्र में स्थित अरविंद बंसल की टोंटी फैक्ट्री को चोरों ने निशाना बनाया। फैक्ट्री स्वामी के पुत्र शिवम बंसल ने बताया कि जब वह सुबह फैक्ट्री पहुंचे और मुख्य गेट खोलकर अंदर गए तो अंदर का नजारा देख हैरान रह गए। गोदाम का कुंडा टूटा हुआ था और कार्यालय का ताला भी टूटा मिला।

जांच करने पर पता चला कि चोर फैक्ट्री से तैयार माल, अन्य सामान, चांदी के लक्ष्मी-गणेश के सिक्के, नकदी तथा सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर तक अपने साथ ले गए। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता एवं व्यापारी मंडल के महानगर महामंत्री योगेन्द्र चतुर्वेदी ने कहा कि क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस प्रशासन को शीघ्र घटना का खुलासा कर पीड़ित व्यापारी का माल बरामद करना चाहिए।

वहीं महानगर अध्यक्ष साकेत अग्रवाल एवं महानगर महामंत्री दीपक सिंघल ने भी पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करते हुए चोरी की घटना का पर्दाफाश करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *