•पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची; बेटा लापता
प्रयागराज। कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका में हीवेट रोड चौराहे पर एक घर में पति-पत्नी और उनकी बेटी की लाश मिली। मकान पिछले दो दिनों से बंद था। वहां से बदबू आने पर पड़ोसियों ने 112 पर जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा। पहले तो पिता और बेटी की लाश मिली। पास में ही उनकी पत्नी की भी लाश मिली। तीनों के सिर पर जख्म के गहरे घाव मिले।
पुलिस ने जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कही है। डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि मौके पर पति-पत्नी और बेटी की लाश मिली है। पिता की उम्र 70 साल, उनकी पत्नी की उम्र 65 साल और बेटी की उम्र 40 साल है। बेटा अभिषेक है, वह नहीं मिला है। वह कहां है, इसका पता किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के साउथ मलाका चौराहा हीवेट रोड पर वीरेंद्र कुमार वैश्य (70) का दो मंजिला मकान है। उसमें निचले हिस्से में 14 दुकानें हैं। 13 दुकानें किराया पर हैं। एक दुकान को उनकी अविवाहित बड़ी बेटी मिनाक्षी चलाती है। वह गिफ्ट से जुड़े सामान बेचती है। ऊपरी हिस्से में वह परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी अनीता के अलावा बड़ी बेटी मिनाक्षी, बेटा अभिषेक भी साथ रहता है। इनका एक और बेटा है, जो सबसे छोटा है। वह पिछले कई सालों से लापता है।
बेटी की ही दुकान पर खुद वीरेंद्र वैश्य भी बैठा करते थे। बेटा अभिषेक फ्लोर क्लीनिंग के काम से जुड़ा है। वह पिछले तीन-चार दिन से आसपास के लोगों को नहीं दिखा है।
आज मंगलवार की दोपहर करीब 03:00 बजे घर से तेज बदबू आई तो पड़ोसियों को शक हुआ। डायल 112 से पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस पहुंची तो निचली मंजिल से ऊपर जाने का रास्ता खुला हुआ था। ऊपर पहुंचने पर वहां गेट बंद मिला। बाहर से ताला लगा हुआ था। पुलिस ताला तुड़वाकर ऊपरी मंजिल पर पहुंची।
वहां एक कमरे में बेड पर तीनों की लाश पड़ी मिली। तीनों के सिर पर चोट के निशान थे। सिर से बहा हुआ खून बिस्तर पर सूखा पड़ा मिला। पुलिस तीनों लाश को कब्जा में लेकर मौके पर जांच कर रही है।