•35 हजार से अधिक की नेपाली मुद्रा भी जब्त, लखनऊ की तरफ से आ रहे थे आरोपी।
सहजनवा। गीडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए हाईवे पर अवैध शराब की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। गीडा पुलिस ने एक लग्जरी अर्टिगा कार से भारी मात्रा में अवैध शराब और नेपाली मुद्रा बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने मौके से तीन अंतरप्रांतीय तस्करों को भी गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ी गई शराब की खेप को तस्करी कर ले जाया जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर बाघागाड़ा के पास चेकिंग
प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पांडेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार की देर रात पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाईवे के रास्ते भारी मात्रा में अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गीडा थाना क्षेत्र की नौसढ़ चौकी के अंतर्गत बाघागाड़ा में हाईवे पर तत्काल सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
इसी दौरान लखनऊ की तरफ से आ रही एक संदिग्ध अर्टिगा कार (पंजीकरण संख्या- यूपी 53 एलटी 9061) को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी करके गाड़ी को रोक लिया।
तलाशी में खुली पोल, नेपाली नागरिक भी शामिल
जब पुलिस टीम ने अर्टिगा कार की बारीकी से तलाशी ली, तो उसके भीतर से कुल 552 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। इसके साथ ही पुलिस ने कार सवारों के पास से 35,545 रुपये की नेपाली मुद्रा (कैश) भी बरामद की।
कार में सवार तीनों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिनकी पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है।
विनय कुमार (पुत्र राम गोपाल) – निवासी: धमेड़ी एक, थाना रामनगर, जिला बाराबंकी।
मोहन प्रसाद ग्रूम (पुत्र पदम बहादुर ग्रूम) निवासी: पोखरा, नेपाल।
नारायण सिंह निवासी: पोखरा, नेपाल।
पुलिस की कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार, अवैध शराब की सभी बोतलें और बरामद नेपाली मुद्रा को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि शराब की यह खेप कहाँ से लाई जा रही थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।