•गांव में पूरे दिन दौड़ती रहती हैं राशन के चावल, बाजरा से लदी बिक्की।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। सदर तहसील क्षेत्र के गांव तोस में सरकारी राशन की कथित कालाबाजारी को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि गांव भदाल निवासी एक व्यक्ति द्वारा पिछले कई वर्षों से सरकारी राशन के चावल और बाजरे की अवैध खरीद-फरोख्त का कारोबार संचालित किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में संबंधित व्यक्ति को एक स्थान से हटाया गया था, लेकिन उसने गांव में एक स्कूल के पास गौशाला के पीछे कमरा किराये पर लेकर दोबारा इस कारोबार को शुरू कर दिया है। उनका आरोप है कि सुबह से शाम तक राशन से लदी दोपहिया गाड़ियां गांव में लगातार आती-जाती रहती हैं और राशन को एकत्र कर अन्य स्थानों पर भेजा जाता है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शाम के समय गोदाम पर लोगों का जमावड़ा रहता है, जहां शराबखोरी और हुड़दंग की घटनाएं होती हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि जब उन्होंने इस गतिविधि का विरोध किया तो संबंधित व्यक्ति ने प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों से संरक्षण मिलने का दावा किया।
ग्रामीणों ने बताया कि वे अपनी शिकायत लेकर जिला पूर्ति अधिकारी से मिलने पहुंचे थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि जल्द ही लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की जाएगी। यदि प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत करेंगे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में सरकारी राशन की कथित कालाबाजारी की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए तथा इस अवैध कारोबार को तत्काल बंद कराया जाए।