मथुरा। शहर मोहर्रम कमेटी मथुरा की एक महत्वपूर्ण बैठक इमामबाड़ा मनोहरपुरा में कमेटी के सचिव अबरार वारसी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के नेतृत्व परिवर्तन के साथ आगामी मोहर्रम की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत मोहर्रम कमेटी के दिवंगत अध्यक्ष मरहूम यूनुस गाज़ी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके लिए फ़ातेहा पढ़कर दुआ-ए-मग़फ़िरत की तथा उनके सामाजिक और संगठनात्मक योगदान को याद करते हुए ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश की।
श्रद्धांजलि सभा के बाद नए अध्यक्ष के चयन पर विचार-विमर्श हुआ। कमेटी के उपाध्यक्ष ज़हीर अब्बास ज़ैदी एवं जॉइंट सेक्रेटरी शारिक अली एडवोकेट ने सदर बाजार निवासी भूरा शेख के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। इसके बाद भूरा शेख को मोहर्रम कमेटी मथुरा का नया अध्यक्ष घोषित किया गया।
बैठक में आगामी मोहर्रम कार्यक्रमों, ताजिया एवं जुलूसों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों ने मोहर्रम को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए ठोस रणनीति तैयार की।
महिला उपाध्यक्ष डॉ. शबनम कुरैशी ने मरहूम यूनुस गाज़ी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और नवनियुक्त अध्यक्ष भूरा शेख का स्वागत किया। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में कमेटी और अधिक सशक्त होकर समाज एवं संगठन की बेहतर सेवा करेगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भूरा शेख को बधाई दी तथा संगठन की एकता और मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अबरार वारसी, डॉ. शबनम कुरैशी, शारिक अली एडवोकेट, ज़हीर अब्बास ज़ैदी, कासिम गाज़ी, शाहिद पत्रकार, नौशाद खान, बबलू कुरैशी, अली अब्बास ज़ैदी, इकबाल कुरैशी, यासीन शाह, परवेज आलम, सलीम मास्टर, हाजी सूफी सईद, इकरार अंसारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।